Queen Elizabeth-II funeral: महारानी एलिजाबेथ-II का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार आज, दुनियाभर से शामिल होंगे VIP

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-II का अंतिम संस्कार आज शाही परंपराओं के मुताबिक किया जाए। करीब एक घंटे चलने वाला स्टेट फ्यूनरल का कार्यक्रम भारतीय समय के मुताबिक, दोपहर 3:30 बजे (ब्रिटिश समय के मुताबिक, 11 बजे) शुरू होगा। स्टेट फ्यूनरल खत्म होने के बाद पूरे देश में 2 मिनट का मौन रखा जाएगा।

भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू क्वीन के फ्यूनरल में शामिल होने के लिए रविवार को लंदन पहुंचीं। यहां वेस्टमिंस्टर हॉल में उन्होंने क्वीन को भारत के लोगों की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने बकिंघम पैलेस में ब्रिटेन के नए राजा किंग चार्ल्स III से मुलाकात की।

8 सितंबर हो हुआ था महारानी का निधन
96 साल की महारानी का निधन 8 सितंबर को हो गया था। सबसे पहले वेस्टमिंस्टर हॉल से वेस्टमिंस्टर ऐबे तक महारानी की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी यानी उनके ताबूत को वेस्टमिंस्टर ऐबे लाया जाएगा। इस दौरान मिलिट्री परेड होगी। शाही परिवार के सदस्य भी शामिल रहेंगे। ड्यूक ऑफ ससेक्स यानी प्रिंस हैरी और उनके भाई विलियम यानी प्रिंस ऑफ वेल्स महारानी के ताबूत के पीछे चलेंगे।

गन कैरिज पर होगा क्वीन का अंतिम सफर
शाही परंपराओं के मुताबिक, क्वीन का अंतिम संस्कार उनके निधन के 10 दिन बाद किया जा रहा है। महारानी के ताबूत को गन कैरिज में वेस्टमिंस्टर ऐबे ले जाया जाएगा। इस गन कैरिज का इस्तेमाल एडवर्ड VII, जॉर्ज V, जॉर्ज VI और सर विंस्टन चर्चिल के अंतिम संस्कार के लिए किया गया था। इसे 142 रॉयल नेवी सेलेर्स खीचेंगे। यहां स्टेट फ्यूनरल का कार्यक्रम खत्म हो जाएगा। इसके बाद शाही परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों की मौजूदगी में एक प्राइवेट सेरेमनी होगी। रात 8:30 बजे (ब्रिटिश समय के मुताबिक, शाम 4 बजे) क्वीन को दफनाया जाएगा।

सेंट जॉर्ज मेमोरियल चैपल में दफनाया जाएगा
वेस्टमिंस्टर ऐबे में पहुंचने पर शाही रीति-रिवाजों के मुताबिक, क्वीन के निधन पर शोक जताया जाएगा और प्रेयर्स पढ़ी जाएंगी। इसके बाद रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस और NHS स्टाफ के सदस्यों के नेतृत्व में महारानी के ताबूत को वेलिंगटन आर्क ले जाया जाएगा। यहां से ताबूत को विंसडर कैसल ले जाया जाएगा। रात 8:30 बजे एक सेरेमनी के बाद महारानी को विंसडर कैसल के सेंट जॉर्ज मेमोरियल चैपल में दफनाया जाएगा।

टावर ऑफ लंदन ले जाया जाएगा क्वीन का क्राउन
महारानी एलिजाबेथ के पार्थिव शरीर को जिस ताबूत में रखा गया उसे रॉयल स्टैंडर्ड- एक तरह के शाही कपड़े में लपेटा गया। ताबूत के वेस्टमिंस्टर हॉल में रखे जाने के बाद इस पर इंपीरियल स्टेट क्राउन रखा गया। राजशाही का प्रतीक ऑर्ब और स्कैप्टर भी रखे गए। क्वीन को दफनाने से पहले इन सभी शाही प्रतीकों को टावर ऑफ लंदन ले जाया जाएगा।

पहले ही हो गई थी ‘डी डे’ की प्लानिंग
महारानी के निधन के दिन यानी ‘डी डे’ की पूरी प्लानिंग पहले ही हो गई थी। साल 2021 में कुछ डॉक्यूमेंट्स लीक हुए थे, जिसमें अंतिम संस्कार की तैयारियों का सीक्रेट प्लान था। ‘ऑपरेशन लंदन ब्रिज’ के मुताबिक ही तैयारियां हो रही हैं। प्लानिंग के मुताबिक, रॉयल परिवार की वेबसाइट का पेज ब्लैक कर दिया गया। महारानी के निधन के बाद 10 मिनट के भीतर वॉइटहॉल के झंडे आधे झुकाने का जिक्र इस ऑपरेशन में किया गया था। ऑपरेशन स्प्रिंग टाइड में प्रिंस चार्ल्स की ताजपोशी का जिक्र था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *